उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के चार साल पूरे होने पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर कहा कि सरकार की ओर से आज जो उपलब्धियां गिनाई गई हैं, उनमें सच्चाई बहुत कम है। इनके सरकारी दावे अगर जमीनी हकीकत में गरीब जनता को लाभ देते तो यह उचित होता।
साथ ही उत्तराखंड में बीजेपी और पंजाब में कांग्रेस सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर वहां भी जो दावे किए जा रहे हैं, वे सिर्फ हवा-हवाई हैं। सही मायने में इनके दावे जनहित और जनकल्याण से काफी दूर हैं। अत: इन तीनों राज्यों की दुखी और पीड़ित जनता अपने यहां सुखद परिवर्तन लाने को बेचैन है।
इसके अलावा मायावती ने कहा कि उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री ने देश की महिलाओं के अपने पसंद के पहनावे के संबंध में जो टिप्पणी की गई है, वह न केवल अनुचित है, बल्कि अशोभनीय और अमर्यादित है। बीएसपी की ओर से सलाह देते हुए कहा कि इसकी बजाए वे अपने प्रदेश के जनहित व जनसमृद्धि की संवैधानिक जिम्मेदारी पर समुचित ध्यान दें।
गौरतलब है कि योगी सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया और सरकार की उपलब्धियों को शामिल करते हुए ‘विकास पुस्तिका’ भी जारी की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने चार साल में प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले राज्य के रूप में आगे बढ़ाने का रास्ता बना दिया है। आगे तेजी से काम कर प्रदेश को ऊंचाई तक ले जाना है। चार साल का यह कार्यकाल प्रदेश को बीमारू राज्य की पहचान से निकालकर समर्थ और सक्षम राज्य की ओर बढ़ाने का कालखंड रहा है।
यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं। पहले उद्योगों के लिए माहौल बनाया, जहां कोई आना नहीं चाहता था अब वहां लोग निवेश कर रहे हैं। आज यहां सकारात्मक माहौल है। निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इसी का परिणाम है कि यूपी में प्रतिव्यक्ति आय दोगुनी से अधिक पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने चार साल में प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले राज्य के रूप में आगे बढ़ाने का रास्ता बना दिया है। आगे तेजी से काम कर प्रदेश को ऊंचाई तक ले जाना है। चार साल का यह कार्यकाल प्रदेश को बीमारू राज्य की पहचान से निकालकर समर्थ और सक्षम राज्य की ओर बढ़ाने का कालखंड रहा है। मुख्यमंत्री ने विस्तार से प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई और सुशासन व पारदर्शिता के उदाहरण गिनाए। कहा कि सरकार ने महिलाओं युवाओं किसानों सभी वर्ग के लोगों के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।