अवध शिल्पग्राम में योगी सरकार के चार वर्ष का समारोह शुक्रवार दोपहर को शुरू हुआ। योगी सरकार की उपलब्धि पर तैयार गीत प्रस्तुत किया गया। भोजपुरी गायक दिनेश लाल निरहुआ ने बाबा विश्वनाथ की ऐसी अलख जगाए योगी जी, सपना रामराज का पूरा कर दिखलाए योगी जी प्रस्तुत किया। समारोह में निराश्रित पेंशन योजना के प्रमाण पत्र और आयुष्मान भारत के लाभार्थी को गोल्डन कार्ड वितरित किए गए।
सुरेश खन्ना ने ‘हम लाए है अपराध से यूपी निकाल कर, इस क्षेत्र को रखना मित्रों संभाल कर’ गीत से अतिथियों का स्वागत किया। कहा कि योगी सरकार में जंगलराज समाप्त कर विकास का मार्ग प्रशस्त किया गया। सपा सरकार में पहला काम आतंकियों के केस वापस लेने का सर्क्युलर जारी किया। योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहली कैबिनेट में किसानों का कर्ज माफ किया। चार साल में सड़क, शिक्षा, चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाया है। देश मे यूपी के प्रति नजरिया बदल दिया है। पहले बैंक यूपी सरकार को कर्ज नही देते थे, अब बैंक लोन देने के लिए कतार लगाए खड़े है। हमने यह कभी नहीं कहा कि अपराध खत्म हो जाएंगे, लेकिन अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, सांसद कौशल किशोर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द शुक्ला, मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी, एसीएस नवनीत सहगल, अवनीश अवस्थी, महापौर संयुक्ता भाटिया, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, विधायक सुरेश तिवारी उपस्थित हैं।