लखनऊ। सोशल मीडिया पर सपा की सिंगरौली सीट से पूर्व विधायक शिखा सिंह को अभद्र मेसेज भेजने के मामले में मंगलवार को विभूतिखंड थाने में पीयूष ठाकुर, अभिषेक फैजाबादी, आदित्य, शिवशंकर पांडे और विपिन सिंह पर केस दर्ज कर लिया गया है।
विभूतिखंड थाना प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पूर्व विधायक शिखा सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की थी। इसके बाद शिखा ने उस पर उनकी तारीफ करते हुए कमेंट किया। इस पर आरोपियों ने अभद्र कमेंट किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पांचों आरोपी भाजपा कार्यकर्ता हैं।