सुल्तानपुर के भपटा गांव में शुक्रवार की देर शाम वनरोज को गोली मारते समय निशाना चुक गया। रास्ते से गुजर रहे एक युवक को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भपटा गांव निवासी सूरज शुक्ला (25) पुत्र उमाशंकर शुक्ल शुक्रवार की देर शाम खेत जा रहा था। तभी गांव के ही नरेंद्र सिंह ने एक वनरोज पर बंदूक से फायर झोंक दिया। गोली वनरोज को न लगकर सूरज को लग गई। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने घायल सूरज के पिता उमाशंकर की तहरीर पर नरेंद्र सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।