उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के द्वारा लगातार प्रयत्न किया जा रहा है कि यूपी में विकास के कार्य हो और सड़कों का जाल बिछाया जाए। यूपी के सभी जिलों में गांव से लेकर शहर तक सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और कई तरह के एक्सप्रेस वे और हाईवे तैयार हो रहे हैं।
रामघाट कल्याण मार्ग को फोरलेन करने और स्टेट हाईवे में तब्दील करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने DPR तैयार कर ली है।
अलीगढ़ से बुलंदशहर का सफर अब और आसान होगा। अलीगढ़ से बुलंदशहर जाने वाले रामघाट कल्याण मार्ग को स्टेट हाईवे में तब्दील किया जाएगा।
जिससे बुलंदशहर और दिल्ली जाने वाले वाहन फर्राटा भर सकेंगे। शासन के निर्देशानुसार अधिकारियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने इसका पूरा खाका तैयार कर लिया है।
अफसरों ने करीब 520 करोड रुपए का डीपीआर बनाया है। जिसमे अलीगढ़ से बुलंदशहर तक लगभग 41.565 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने के साथ ही आधा दर्जन फुल और दर्जन भर पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
शासन के निर्देशानुसार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने डीपीआर तैयार करके रामघाट कल्याण मार्ग की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पूर्व में किए गए ऐलान का बाद इस योजना पर लगातार काम चल रहा है और जल्द ही इस मार्ग के निर्माण की स्वीकृति भी शासन से मिल सकती है।
अभी में 14 मीटर है चौड़ाई, 8.565 मीटर होगी चौड़ी
रामघाट कल्याण मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू होने और इसके स्टेट हाईवे में तब्दील होने के बाद मानक के अनुसार इसकी चौड़ाई लगभग 22.565 मीटर की जाएगी। वर्तमान में रामघाट-कल्याण मार्ग की चौड़ाई लगभग 14 मीटर है। डीपीआर को स्वीकृत मिलने के बाद इस मार्ग को करीब 8.565 मीटर और चौड़ा किया जाएगा।
बुलंदशहर के जरगांव में बनेगा 3 किलोमीटर का बाईपास
अलीगढ़ से बुलंदशहर जाने वाले रामघाट कल्याण मार्ग के फोरलेन निर्माण के दौरान बुलंदशहर के सबसे कन्जेस्टेड इलाके जरगांव में लगभग 3 किलोमीटर का बाईपास का निर्माण भी कराया जाना है। इस बाईपास की चौड़ाई लगभग 12 से 14 मीटर की होगी। इससे स्टेट हाईवे से सफर करने वालों की यात्रा काफी सुगम होगी।