यूपी परिवहन निगम ने दिल्ली व पश्चिमी यूपी रीजन में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों को छठ पर्व पर अपने घर जाने के लिए 2563 अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। यह जानकारी परिवहन निगम के एमडी संजय कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी यूपी (आगरा, मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर व दिल्ली) से गोरखपुर, बलिया, वाराणसी व प्रयागराज के लिए बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। लखनऊ व कानपुर से भी पूर्वांचल के लिए अधिक से अधिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
छठ पर्व के बाद वापसी के लिए दिल्ली तक के लिए सेवाएं बलिया, आजमगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया व बस्ती से उपलब्ध रहेंगी। छठ को देखते हुए ही निगम ने अपनी प्रोत्साहन योजना 22 से 31 अक्टूबर जारी रखी है। एमडी ने कहा कि परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने त्योहारों के दौरान यात्रियों को परिवहन संबंधी कठिनाई नहीं आने देने का निर्देश दिया है।