उत्तर प्रदेश में देश की पहली रैपिड रेल चलाई जानी है और इसका इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे हैं। लेकिन अब आपका इंतजार खत्म होने वाला है क्योंकि गुजरात के सावली से करीब एक सप्ताह पहले ट्रक से रवाना हुए रैपिड रेल के कोच (Rapid Rail Coaches) शुक्रवार की शाम तक दुहाई डिपो पहुंच जाएंगे।
एनसीआरटीसी के अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार को धरुहेरा, रेवाड़ी हरियाणा में ट्रकों पर लदे रैपिड रेल के कोच पहुंच गए थे। यह रैपिड रेल वहां से रवाना हो चुके हैं और आज शुक्रवार की शाम तक यह रैपिड रेल यूपी पहुंच जाएंगे। अधिकारियों ने जानकारी दिया कि रैपिड रेल के 6 कोच आ रहे हैं।
दुहाई डिपो पर होगा कोच टेस्टिंग का काम-
गौरतलब है कि दुहाई डिपो में पहली रैपिड ट्रेन के कोच का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि रैपिड रेल के कोच के दुहाई डिपो पर पहुंचते ही इन पर टेस्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर पर दो तरह की रेल चलाई जाएंगी। जिसमें पहली रेल मोदीपुर से बेगमपुल, परतापुर होते हुए दिल्ली के सरायकाले खां तक चलेगी। इस रेल का नाम रैपिड रेल यानी आरआरटीएस होगा। जबकि दूसरी रेल मोदीपुरम से बेगमपुल होते हुए परतापुर तक चलेगी जिसका नाम मेरठ मेट्रो यानी एमआरटीएस है।
साल 2023 तक यूपी में रैपिड रेल चलाया जाएगा और रैपिड रेल की संख्या 6 होगी। यहां हर 5 से 10 मिनट के अंतराल पर रैपिड रेल मिलेगी और यह 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।