विस्तार
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भाई और भाभी से विवाद इस कदर हुआ कि दो सगी बहनों को रात में ही घर से बाहर निकलना पड़ा। उनके इरादे क्या थे ये तो पता नहीं, लेकिन पुलिस ने गांव से आठ किलोमीटर दूर दोनों को रोका। इतनी रात में घर से निकलने का कारण जाना और फिर परिजनों को लेकर जाकर सौंपा। मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के जमौता गांव का है।
डुमरियागंज क्षेत्र के जमौता गांव में मंगलवार रात दो सगी बहनों की किसी बात के लिए भाई और भाभी से कहासुनी हो गई। उन्हें यह इतना नागवार गुजरा कि दोनों बहनों ने आत्महत्या करने का मन बना लिया। आधी रात को घर से बिना किसी को बताए निकल पड़ी। गांव से करीब आठ किलोमीटर की दूर डुमरियागंज स्थित विद्युत उपकेंद्र के सामने पहुंची थी कि इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकले डुमरियागंज इंस्पेक्टर की नजर उन दोनों बहनों पर पड़ी। जिसके बाद उन्होंने डायल-112 नंबर की पीआरवी महिला सिपाही को भी वहां बुला लिए।
दोनों बहनों से जब महिला सिपाही ने पूछा तो वह दोनों कुछ नहीं बोली। इसके बाद दोनों को थाने पर ले आए। जहां दोनों ने अपने साथ हुई घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद इंस्पेक्टर ने उनके मां, भाई और बहनोई को थाने पर बुलाया। भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो आदि बातों को समझा बुझाकर दोनों बहनों को उनके साथ घर भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज केडी सिंह ने बताया कि आधी रात को सूनसान सड़क पर दोनों बहने जा रही थीं। शक होने पर दोनों को रुकवाया गया था। मामले की जानकारी होने पर उनको परिजनों को बुलाकर इस घटना की पुनरावृत्ति ना हो यह कहकर उन्हें सौंप दिया गया है। साथ ही सभी को मिलजुलकर रहने के लिए प्रेरित भी किया गया है।