सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को हमीरपुर के राठ विधानसभा क्षेत्र के मुस्करा गांव के किसानों से ‘किसान संवाद’ कार्यक्रम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की।
उन्होंने कहा कि किसान अगर खुशहाल नहीं है, तो देश तरक्की नहीं कर सकता है। भाजपा राज में किसान दुखी है। भाजपा सरकार ने उसका भरोसा तोड़ा है। नोटबंदी और जीएसटी के बाद किसानों के हाथ खाली हैं। उन्हें न तो मक्का व धान की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिला और न ही उनकी आय दोगुनी हुई।
अखिलेश ने कहा कि कृषि सुधार कानून धोखा है। भाजपा ने भारत की बदनामी कराई है। किसान इस सरकार को हटाने के लिए तैयार है। लॉकडाउन में 90 मजदूरों के मरने पर सपा ने एक-एक लाख रुपये की मदद की।
उन्होंने हमीरपुर के ददरी में पूर्व प्रधान की हत्या का संज्ञान लिया और पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की मदद दिलाने का आश्वासन दिया। किसान, जगमोहन, राम विलास शुक्ला ने नहरों में पानी नहीं आने और आवारा पशुओं की समस्या बताई। अन्य किसानों ने भी समस्याएं बताईं।
गुरु नानक देव के उपदेश आज भी प्रासंगिक
सपा कार्यालय पर सोमवार को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव का 551वां प्रकाश पर्व सिख समाज के लोगों की उपस्थिति में मनाया गया। इस मौके पर अरदास व शबद कीर्तन भी हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरु नानक देवजी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद कहा कि आज की विषम परिस्थितियों में नानक देवजी के उपदेश व शिक्षाएं और भी ज्यादा प्रासंगिक हैं। वे पूरे मानव जगत के थे। उप्र. पंजाबी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह जग्गी ने अरदास कर अखिलेश को 2022 में दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की कामना की।
आगे पढ़ें
गुरु नानक देव के उपदेश आज भी प्रासंगिक