चयन समिति को जिम्मेदार बनाने और नियुक्ति संबंधी गड़बड़ी रोकने की नई रणनीति
केजीएमयू में नियुक्ति संबंधी मामलों को लेकर अब नियुक्ति सेल का गठन कर दिया गया है। अब डॉक्टर से लेकर कर्मचारी तक की नियुक्ति इसी सेल के जरिए की जाएगी। इस सेल के जरिए चयन समिति को जिम्मेदार बनाने और नियुक्ति के दौरान होने वाली गड़बड़ियों को रोकने की रणनीति बनाई गई है।
केजीएमयू में करीब 500 से अधिक संकाय सदस्य हैं। करीब इतने ही पद खाली चल रहे हैं। करीब एक हजार रेजिडेंट हैं। कुछ पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है तो कुछ को संविदा के आधार पर भरने की तैयारी है। इसी तरह कर्मचारियों के भी करीब 5000 से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं। खासतौर से नर्सिंग कैडर में कर्मचारियों की भारी कमी है। संविदा के जरिए काम चलाया जा रहा है। शासन की ओर से संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति एक साथ जेम पोर्टल के जरिए करने का निर्देश दिया जा चुका है। इन सभी मामलों को देखते हुए केजीएमयू कार्यपरिषद ने नियुक्ति सेल गठन को मंजूरी दी है। नियुक्ति सेल से संबंधित सॉफ्टवेयर भी तैयार किया जा रहा है। इसके बाद हर ग्रुप की नियुक्ति इसी साल के जरिए की जाएगी। केजीएमयू कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. बिपिन पुरी ने बताया कि नियुक्ति में पारदर्शिता और रिक्त पदों को समय से भरने के लिए नियुक्ति सेल का गठन किया गया है।
source url