भ्रष्टाचार की शिकायतों पर सिंचाई विभाग के एक अधिशासी अभियंता, एक सहायक अभियंता व एक अवर अभियंता का स्थानांतरण करके मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। यह कार्रवाई जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई है। हेडवर्क्स खंड आगरा नहर ओखला के अधिशासी अभियंता देवेंद्र ठाकुर को अनियमितताओं व भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने और सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा रोकने में विफल रहने पर तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करते हुए कार्यालय प्रमुख अभियंता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है।
इसी प्रकार सहायक अभियंता प्रथम सिंचाई खंड हाथरस ईश्वर सिंह को अनियमितताओं व शिकायतों के आधार पर स्थानांतरित करते हुए तत्काल प्रभाव से कार्यालय प्रमुख अभियंता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को इन दोनों अधिकारियों से संबंधित आदेश जारी कर दिए हैं। अधिशासी अभियंता के खिलाफ जांच की जाएगी। इसके अलावा हेडवर्क्स खंड आगरा नहर ओखला के अवर अभियंता सिविल आफाक अहमद को विभिन्न शिकायतों पर तत्काल प्रभाव से प्रमुख अभियंता कार्यालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। इस संबंध में प्रमुख अभियंता परियोजना वीके निरंजन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।