लखनऊ। फैजुल्लागंज में बुखार का कहर बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को भी यहां दो लोगों की मौत हो गई, वहीं सैकड़ों लोग पीड़ित चल रहे हैं। इन्हें आसानी से इलाज भी नहीं मिल पा रहा है। आलम यह है कि कोरोना की दहशत से अब यहां के लोगों ने घर छोड़कर जाना शुरू कर दिया है।
फैजुल्लागंज में बुधवार को बुखार से पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके ठीक दूसरे दिन श्याम विहार कॉलोनी निवासी शिव रतन मिश्र (52) व यश नगर के अमित सिंह (38) की मौत हो गई। दोनों को तेज बुखार था। इनकी मौत के बाद से क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है। मौजूदा समय में रामलीला मैदान के पास सौरभ जनरल स्टोर, राधा कृष्ण मंदिर, कृष्ण लोक कॉलोनी समेत कई इलाकों में बुखार के दर्जनों मरीज हैं। बताया जा रहा है कि हर गली में दूसरे तीसरे मकान में कोई न कोई बुखार से पीड़ित है। इसके बाद भी इन्हें मदद नहीं मिल पा रही है।
फैजुल्लागंज के अलग-अलग इलाकों में अब तक 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यहां रोजाना हो रही मौत से घबराए लोग अपने घरों में ताला लगाकर गांव जाने लगे हैं। बाल महिला सेवा संगठन की ममता त्रिपाठी का कहना है कि क्षेत्र के हालात बहुत खराब हैं। गंदगी की वजह से संक्रामक बीमारियां भी बढ़ रही हैं। जांच व इलाज की पुख्ता व्यवस्था न होने से लोगों की जान जा रही है। होम आइसोलेशन के मरीजों को भी दवाएं नहीं मिल रही हैं। इसलिए दहशत में कई परिवार घर छोड़कर गांव चले गए हैं।