ढाई महीने लंबे वरासत अभियान ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्षों से संपत्ति की वरासत के लिए प्रयासरत रिकॉर्ड 8.43 लाख से अधिक लोगों को इस अभियान में अपना हक मिल गया। प्रदेश सरकार ने विशेष वरासत अभियान को 15 दिन अथवा अगले आदेश तक के लिए बढ़ा दिया है। अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार ने बताया कि इससे संबंधित निर्देश जिलाधिकारियों को दे दिए गए हैं। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक यह अभियान किसी न किसी रूप में जारी रखने की योजना है। यह अभियान 15 दिसंबर, 2020 से दो महीने के लिए शुरू हुआ था। बाद में इसे 28 फरवरी तक बढ़ाया गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फील्ड से मिले फीडबैक के बाद 15 दिसंबर से दो महीने का अभियान चलाकर निर्विवाद वरासत के आदेश जारी कराने का निर्देश दिया था। अभियान की बड़ी कामयाबी के बाद इस अभियान को 15 फरवरी से बढ़ाकर 28 फरवरी कर दिया गया। इन ढाई महीनों में वरासत की कार्यवाही से जुड़े रिकॉर्ड 8,67,343 आवेदन हुए। 28 फरवरी तक इनमें से 843611 के आवेदनों का निस्तारण कर विरासत अधिकार के आदेश जारी कर दिए गए हैं। बाकी आवेदनों पर कार्यवाही हो रही है। राजस्व विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह अभियान बेहद सफल रहा। राजस्वकर्मियों ने पूरे मनोयोग से अभियान में योगदान दिया है। वरासत के सबसे ज्यादा आवेदन लखनऊ मंडल में आए जबकि सबसे कम आवेदन झांसी मंडल में मिले हैं।
मंडल वरासत के आवेदन निस्तारित आवेदन
लखनऊ 95792 93416
वाराणसी 79094 76549
अयोध्या 75003 72570
प्रयागराज 74931 71190
आजमगढ़ 64314 62826
गोरखपुर 63539 61565
कानपुर 50891 49695
बरेली 47769 46485
देवीपाटन 41725 40579
मुरादाबाद 41120 40127
अलीगढ़ 40993 40503
आगरा 40262 39648
बस्ती 38312 36730
विंध्याचल धाम 33446 33035
मेरठ 25718 24938
सहारनपुर 18282 18021
चित्रकूटधाम 21578 21456
झांसी 14574 14278